आज जनता को संबोधित करेंगे उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र में लॉकडाउन लगेगा या नहीं,

0
52

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। राज्य में शनिवार को एक दिन में 6,281 नए मरीज मिले और 40 संक्रमितों की मौत हो गई। इससे राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 48,439 हो गई है। ऐसे में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे रविवार को सात बजे राज्य को संबोधित करने वाले हैं। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए माना जा रहा है कि राज्य में लॉकडाउन लगाया जा सकता है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने कहा था कि यदि लोग नियम तोड़ने से बाज नहीं आए तो राज्य में दोबारा लॉकडाउन लगाया जा सकता है।
हालांकि, शनिवार को एक शीर्ष अधिकारी ने बताया, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की फिलहाल मुंबई में लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है। इसके बजाय परीक्षण एवं उपचार और सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क के सख्त कार्यान्वयन पर ध्यान केंद्रित करना होगा। बीएमसी के अतिरिक्त नगर आयुक्त सुरेश काकाणी ने कहा, ‘मुंबई में लॉकडाउन कोई विकल्प नहीं है। लेकिन हम सबसे खराब स्थिति की तैयारी कर रहे हैं। मैंने सभी जंबो सुविधाओं को वेंटिलेटर, पैरा-मॉनीटर, हाउसकीपिंग, दवाओं, ऑक्सीजन, अग्नि उपकरण और सुरक्षा का निरीक्षण करने का निर्देश दिया है ताकि जब मरीज बढ़ें तो हम उन्हें भर्ती करने के लिए तैयार रहें।’
मुंबई में 11,968 आइसोलेशन बेड हैं, जिनमें से 9,000 के करीब सरकारी और निजी अस्पतालों में खाली हैं। इसके अलावा, एनईएससीओ जंबो सुविधा में 3,000 बिस्तर तैयार हैं, जिनमें से अब तक केवल 1,700 को एक्टिवेट (सक्रिय) किया गया है। बीकेसी जंबो सुविधा में अतिरिक्त 700 बेड तैयार हैं और इन्हें कम समय में एक्टिवेट किया जा सकता है।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई सहित पुणे और विदर्भ के बाद मराठवाड़ा में भी कोरोना वायरस तेजी से फैलने लगा है। राज्य स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में 6,281 नए कोरोना संक्रमित मिलने से प्रदेश में अब तक संक्रमित हुए कुल मरीजों की संख्या 20,93,913 हो गई है। 

Comments

comments

share it...