पिता के बाद संक्रमण से कमिश्वर की मां का भी देहांत

0
61

आगरा में कोरोना कहर बरपा रहा है। सोमवार की सुबह एक और बुरी खबर आई। मंडलायुक्त (कमिश्नर) अनिल कुमार के पिता के देहांत के बाद आज उनकी मां का निधन हो गया। नोएडा के एक अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। दोनों लोग कोरोना संक्रमित थे। दो दिन में कमिश्नर के माता-पिता के निधन से प्रशासन में शोक की लहर दौड़ गई है। 

माल रोड स्थित कमिश्नर आवास में पांच अगस्त को स्वास्थ्य विभाग ने 26 लोगों की रेंडम सैंपलिंग कराई थी। कमिश्नर के माता, पिता और बहन समेत छह लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। कमिश्नर, उनकी पत्नी और दोनों बच्चों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। कमिश्नर के माता-पिता को पहले आगरा में एमजी रोड स्थित प्राइवेट कोविड सेंटर में भर्ती किया था। 
यहां हालत में सुधार नहीं होने पर दोनों को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया। उन्हें नोएडा के जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां रमेश चंद मीणा ने शनिवार रात 12 बजे अंतिम सांस ली। रविवार सुबह 10.30 बजे उनका शव आगरा आया। पिता की मौत के 24 घंटे बाद 69 वर्षीय मां विजय लक्ष्मी ने भी दम तोड़ दिया। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने इसकी पुष्टि की है।  

कमिश्नर की मां को कोरोना संक्रमण अस्पताल से मिला था। वो निजी ड्राइवर के साथ उपचार के लिए अस्पताल जाती थीं। ड्राइवर में भी वायरस की पुष्टि हो चुकी है। कमिश्वर के माता-पिता पुरानी बीमारियों से भी ग्रस्त थे।

कमिश्वर की मां के निधन से सोमवार को कोरोना संक्रमित मृतक संख्या 107 हो गई है। इससे पूर्व रविवार को 38 नए मरीज मिले। इससे कुल संक्रमितों का आंकड़ा ढाई हजार पार करते हुए 2519 हो गया है। 2125 कोरोना मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। 288 संक्रमितों का उपचार चल रहा है। 

Comments

comments

share it...