अयोध्या के रूदौली कोतवाली क्षेत्र में रौजागांव फ्लाई ओवर के पास कानपुर से बस्ती जा रही बस और एक ट्रेलर में मंगलवार सुबह टक्कर हो गई। घटना में एक दर्जन यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों का इलाज चल रहा है।अयोध्या में हुई इस दुर्घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर रहकर पीड़ितों की हर संभव सहायता करने के निर्देश दिए हैं। दुर्घटना में घायल हुए लोगों को तत्काल बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। इस दुखद दुर्घटना में अपनी जान गंवाने वाले बस यात्रियों के परिजनों को उत्तर प्रदेश रोडवेज निगम द्वारा 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगा।