कोल्हान देश की मांग करने वालों ने किया थाने का घेराव, पुलिस पर किया पथराव,

0
80

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में स्थित चाईबासा में रविवार को प्रदर्शनकारियों ने मुफ्फसिल थाने का घेराव कर लिया। ये लोग अलग कोल्हान देश बनाने की मांग कर रहे थे। जानकारी के अनुसार सैकड़ों की संख्या में ये लोग पारंपरिक हथियार लिए हुए थे। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। उधर, प्रदर्शनकारियों ने भी पुलिस पर हमला बोला। 
इस दौरान सात पुलिस कर्मियों के घायल होने की खबर है जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार एक पुलिस कर्मी के शरीर से एक तीर आर-पार हो गया। दरअसल, पुलिस ने आज सुबह ही  कोल्हान देश के नाम पर पुलिस में भर्ती करने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया था। इन्हीं लोगों को रिहा करने की मांग के साथ इन प्रदर्शनकारियों ने थाने का घेराव कर लिया। दरअसल, राज्य में कुछ संगठन अलग कोल्हान देश के लिए शिक्षकों और पुलिस की भर्ती करने की योजना चला रहे थे। इसे लेकर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तहत आने वाली कुर्सी पंचायत के लादुराबासा स्कूल में सुबह सात बजे से एक प्रशिक्षण और शैक्षणिक प्रमाण पत्र जांच का काम किया जा रहा था। इसकी जानकारी पुलिस को मिली तो कार्रवाई की गई और वहां से चार लोगों को हिरासत में लिया।पुलिस की कार्रवाई से गुस्साए कोल्हान देश की मांग का समर्थन करने वालों ने पुलिस पर ही हमला बोल दिया। जानकारी के अनुसार इलाके में कुछ लोग लंबे समय से अलग कोल्हान देश की मांग को लेकर आंदोलन चला रहे हैं। बीते दिनों इसे लेकर कार्रवाई हुई है और अवैध तरीके से नियुक्ति पत्र बांटे जा रहे थे। इस घटना में आज गिरफ्तार किए गए लोगों में कोबरा बटालियन का एक जवान भी है।

Comments

comments

share it...