शिमला में बर्फबारी: आसमान से बर्फ के फाहे गिरते देख झूम उठे सैलानी,

0
173

हिमाचल प्रदेश की राजधानी व पहाड़ों की रानी शिमला ने फिर से बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। शिमला पहुंचे सैलानी बर्फ का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। गुरुवार सुबह से ही बड़ी संख्या में सैलानी शहर के ऐतिहासिक रिज व मालरोड पर बर्फबारी के दीदार के लिए पहुंचे। आसमान से गिरते बर्फ के फाहों को देखकर सैलानी खुशी से झूम उठे। सुबह से लगातार जारी बर्फबारी के बीच सैलानी खूब अठखेलियां कर रहे हैं।

कई सैलानी बर्फबारी में फोटो खिंचवाते व एक-दूसरे पर बर्फ के गोले फेंकते नजर आए। उधर, कुफरी, देहा, नारकंडा और खड़ापत्थर में भारी बर्फबारी से ऊपरी शिमला के लिए यातायात ठप है। सड़कों पर फिसलन बहुत ज्यादा है। ऐसे में प्रशासन ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। ताजा बर्फबारी से वीकेंड पर शहर के पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि बर्फ देखने के लिए हिल्सक्वीन में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचेंगे। शहर के होटलों में वीकेंड के लिए एडवांस बुकिंग भी हो चुकी है। शनिवार को 100 फीसदी ऑक्यूपेंसी पहुंचने का अनुमान है।  आमतौर पर क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन के बाद जनवरी के पहले हफ्ते तक ही शिमला में सैलानियों की भीड़ रहती थी। लेकिन इस साल बार-बार हो रही बर्फबारी के चलते सैलानियों के शिमला आने का क्रम जारी है। बर्फबारी सैलानियों को खासा आकर्षित कर रही है। 

जनवरी माह में हुई बर्फबारी के बाद शिमला में सैलानियों की संख्या बढ़ी थी। एक माह के भीतर करीब 90 हजार वाहन शहर में दाखिल हुए। शिमला में पर्यटन कारोबार ने भी रफ्तार पकड़ी है। 01 जनवरी से 31 जनवरी के बीच शोघी बैरियर से 89500 से अधिक वाहन शहर में दाखिल हुए। सामान्य दिनों के मुकाबले बर्फबारी के बाद वीकेंड पर पर्यटक वाहनों का आंकड़ा दोगुने से अधिक है। इससे साफ है कि बर्फबारी सैलानियों को खासा आकर्षित कर रही है। शिमला से सैलानी बड़ी संख्या में कुफरी और नारकंडा का भी रुख कर रहे हैं। 

शिमला में बर्फबारी।

Comments

comments

share it...