सपा से टिकट नहीं मिला तो किया आत्मदाह का प्रयास

0
42

समाजवादी पार्टी कार्यालय विक्रमादित्य मार्ग पर रविवार सुबह करीब 10.30 बजे एक कार्यकर्ता ने आत्मदाह करने का प्रयास किया। उसने खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया। इसी दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मियों की नजर पड़ गई। पुलिस ने दौड़कर उसे पकड़ लिया। आत्मदाह की कोशिश करने वाले ठाकुर आदित्य ने आरोप लगाया कि उसका टिकट काट दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है।

एसीपी हजरतगंज अखिलेश सिंह के मुताबिक समाजवादी पार्टी कार्यालय पर रविवार सुबह पुलिस ड्यूटी दे रही थी। इसी बीच अलीगढ़ के ठाकुर आदित्य कुछ लोगों के साथ पहुंचे। वहां उसने अपने पास से बोतल निकालकर खुद पर पेट्रोल डालना शुरू कर दिया। इसी बीच पुलिसकर्मियों की नजर पड़ गई। पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने उसके पास से पेट्रोल की दो बोतलें और माचिस बरामद की हैं।

पूरी जवानी लगा दी सपा में टिकट नहीं मिला
आत्मदाह की कोशिश करने वाले सपा नेता ठाकुर आदित्य ने शीर्ष नेताओं पर गंभीर आरोप लगाये हैं। आदित्य ने कहा कि उसने अपनी पूरी जवानी सपा के लिए लगा दी। उसने अलीगढ़ के छर्रा विधान सभा टिकट की दावेदारी की थी लेकिन उसे नहीं मिला। किसी अन्य को दे दिया गया है। बड़े नेताओं से पूछने पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है। पुलिस के सामने उसने खुला एलान किया कि उसे चाहे जेल में डाल दें या कहीं कैद कर दें वह आत्मदाह करेगा। आदित्य ने कहा कि उसके पास पेट्रोल की दो नहीं 10 बोतलें हैं। उसे आत्मदाह करने से कोई नहीं रोक सकता है।सपा नेता के आत्मदाह की कोशिश के दौरान कार्यालय के बाहर अफरातफरी का माहौल बन गया था। लोग इधर-उधर भागने लगे लेकिन पार्टी कार्यालय से कोई बड़ा नेता बाहर नहीं आया। किसी ने कार्यकर्ता से बात भी करने की कोशिश नहीं की। अचानक हुए हादसे के बाद वहां भीड़ भी जुटने लगी थी जिसे देखकर पुलिस ने लोगों को खदेड़ना भी शुरू कर दिया।

Comments

comments

share it...