भगवा के आगे सबका रंग पड़ा फीका : भाजपा की होली गुलजार,

0
99

यूपी विधानसभा चुनाव में और चटख हुए भगवा रंग के सामने बाकी दलों के रंग फीके पड़ गए। बृहस्पतिवार को आए चुनाव नतीजों ने जहां सपा-रालोद, बसपा और कांग्रेस की होली बदरंग कर दी वहीं भाजपा खेमे को रंगों से सराबोर कर दिया। भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने चुनावी मैदान फतह करके विपक्ष को तगड़ा झटका दिया है। खास तौर पर सत्ता की दौड़ में शामिल सपा-रालोद खेमा सदमे में है। प्रदेश के चुनावी महासमर के नतीजे आने के बाद कहीं खुशी तो कहीं गम का माहौल है।

अपेक्षा से कहीं ज्यादा अच्छे नतीजे आने से जहां भाजपाइयों के  चेहरों पर रौनक है तो सपा, कांग्रेस व बसपा के समर्थक बेहद मायूस हैं। नतीजों का असर सियासी पार्टियों के दफ्तरों पर भी नजर आ रहा है। भाजपा कार्यालय में उत्साही कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं तो सपा, रालोद, बसपा व कांग्रेस के दफ्तरों व नेताओं के  घरों पर सन्नाटा पसरा है। चुनाव नतीजे सपा-रालोद गठबंधन के लिए बड़ा झटका साबित हुए हैं। हालांकि चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा के कई बड़े नेता इस बार विधानसभा की चौखट तक पहुंचने में कामयाब नहीं हो सके लेकिन कुल मिलाकर पार्टी की जबर्दस्त कामयाबी ने इस जख्म पर मरहम लगा दिया।

भाजपा के लिए होली से पहले ही रंगों की बरसात हो गई। भाजपा को न सिर्फ शानदार जीत हासिल हुई बल्कि लंबे समय के बाद लगातार दो बार सत्ता हासिल करने का रिकार्ड बनाने का मौका भी मिला। इसने होली का रंग और चटख कर दिया। जबर्दस्त बहुमत मिलने पर केसरिया रंग भाजपाइयों के सिर चढ़कर बोल रहा है। क्या नेता क्या कार्यकर्ता, जीत की खुशी में सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल से रंगने में कोई कसर बाकी नहीं रखी। भाजपा दफ्तर में जमकर अबीर-गुलाल उड़ा तो उत्साही कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी करके फागुन में दिवाली भी मना डाली। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता भी शामिल थे।

Comments

comments

share it...