मुंबई और पुणे में बारिश का कहर, तीन स्थानों पर दीवार गिरने से अब तक 27 लोगों की मौत

0
114

महाराष्ट्र में भारी मानसूनी बारिश के बीच मुंबई और पुणे में तीन अलग-अलग स्थानों पर दीवार गिरने से केवल एक रात में 21 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। जिनमें कईयों की हालत गंभीर है। जानकारी के अनुसार इन हादसों में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये देने का एलान किया है।

पहली घटना : मुंबई के पूर्वी मलाड एरिया के पिंपरीपाड़ा में भारी बारिश के बाद एक दीवार गिरने से 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। मलबे के नीचे कई और लोगों के फंसे होने की आशंका है। घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। मौके पर राहत और बचाव कार्य के लिए पहुंची एनडीआरएफ की टीम मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास कर रही है। घायलों को जोगेश्वरी के ट्रामा सेंटर और कांदिवली के शताब्दी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लेकिन भारी बारिश से राहत और बचाव कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है।

दूसरी घटना

दीवार गिरने की दूसरी घटना पुणे में हुई जहां सोमवार की आधी रात करीब 1:15 बजे सिंहगढ़ कॉलेज की दीवार गिर गई। इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीम पहुंची। बताया जा रहा है कि आधी रात सिंहगढ़ कॉलेज, अंबेगांव की दीवार ढह गई, जिसके नीचे कई लोग दब गए। इनमें से छह लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि चार अन्य घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। 


तीसरी घटना

भारी बारिश से दीवार गिरने की तीसरी घटना मुंबई के कल्याण में हुई। जहां नेशनल उर्दू हाई स्कूल की कम्पाउंड की दीवार की चपेट में आने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए लोग इस दीवार के पास ही रहते थे। 

Comments

comments

share it...