ब्रज में भारी बारिश की चेतावनी

0
23

आगरा में मंगलवार सुबह से काले बादल छाए हुए हैं। सुबह 10 बजे से बारिश की फुहार शुरू हो गई। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने आगरा सहित प्रदेश के कई जिलों में पांच अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, पांच अगस्त तक कई जिले भारी बारिश के यलो अलर्ट पर रखे गए हैं। यलो अलर्ट वाले जिलों में आगरा के अलावा अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, फिरोजाबाद, झांसी भी शामिल हैं।

उधर, लगातार हो रही बारिश और गोकुल बैराज से पानी छोड़े जाने से यमुना उफान पर बह रही है। जलस्तर बढ़ने से नदी के तटवर्ती इलाकों में खेत जलमग्न हो गए हैं। वहीं चंबल नदी में तेजी से जलस्तर बढ़ रहा है। इससे बीहड़ में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।

सोमवार को भी ताजनगरी में बारिश की फुहारों ने लोगों को उमस से राहत दी। दिनभर काले बादल छाए रहे। पारा सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। ताजनगरी का अधिकतम तापमान महज 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 5 डिग्री कम है।

Comments

comments

share it...