लखनऊः हजरतगंज चौराहे पर दबंगों ने युवती से विवाद के बाद की ताबड़तोड़ फायरिंग, मचा हड़कंप

0
92

लखनऊ के हाई सिक्योरिटी जोन हजरतगंज चौराहेे पर बुधवार आधी रात कार सवार दबंगों ने युवती से विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। आरोपियों में से एक को बुधवार दोपहर वीडियो कॉल के दौरान युवती ने नजरअंदाज कर दिया था, जिस पर दोनों में तनातनी हुई। बाद में दोनों के बीच वॉट्सएप पर कहासुनी व गाली-गलौज हुई। इससे भड़का आरोपी रात करीब एक बजे युवती को ढूंढते हुए रोवर्स रेस्टोरेंट पहुंच गया। वहां रेस्टोरेंट मालिक के साथ कार में बैठी युवती से गाली-गलौज की। रेस्टोरेंट मालिक के विरोध पर दबंग ने पिस्टल की बट से उसकी कार का शीशा तोड़ दिया और हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकला। रेस्टोरेंट मालिक और युवती की ओर से केस दर्ज करके पुलिस ने अमीनाबाद के कसाईबाड़ा निवासी आदिल और उसके बहनोई रेहान खान को गिरफ्तार कर लिया है। आदिल से अवैध पिस्टल बरामद हुई है।हजरतगंज सीओ अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि युवती और आदिल के बीच दोस्ती है। बुधवार दोपहर युवती सहेली के साथ तुलसी सभागार गई थी। वहां से उसकी सहेली ने आदिल को वीडियो कॉल की। आदिल ने युवती से बात कराने को कहा। सहेली ने युवती को फोन दिया, पर उसने बात नहीं की। नजरअंदाज किए जाने पर आदिल भड़क गया। दोनों में फोन पर तनातनी के साथ वॉट्सएप पर झगड़ा हुआ। आदिल युवती से मिलने की कोशिश करता रहा, पर  वह नहीं मिली। रात को उसने युवती की सहेली को फोन कर उसके बारे में पूछा। सहेली ने बताया कि युवती इस वक्त रोवर्स रेस्टोरेंट में है। इस पर आदिल व एक अन्य व्यक्ति कार से पहुंचे। वहां रेस्टोरेंट मालिक प्रफुल्ल पांडेय के साथ कार में बैठी युवती को उसने बाहर आने को कहा। मना करने पर गालियां देने लगा। झगड़ा होने लगा प्रफुल्ल ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो आदिल ने पिस्टल की बट मारकर उसकी कार का शीशा तोड़ दिया। इस बीच रेस्टोरेंट के कर्मचारी व आसपास मौजूद लोग दौड़े तो आदिल गोलियां चलाते हुए भाग निकला। प्रफुल्ल ने बताया कि आदिल ने तीन फायर किए। पुलिस ने देर रात ही आलमबाग के सुजानपुरा निवासी रेहान को पकड़ लिया। बृहस्पतिवार शाम आदिल को भी दबोच लिया गया। वहीं देर रात खुला रोवर्स रेस्टोरेंट बंद करा दिया गया।

Comments

comments

share it...